पीएम मोदी के दौरे से पहले वाराणसी में हाईअलर्ट, एसपीजी ने संभाली कमान, कार्यक्रम स्थल से एयरपोर्ट तक परखी सुरक्षा व्यवस्था 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को लेकर वाराणसी प्रशासन हाईअलर्ट है। एसपीजी की टीम वाराणसी पहुंच चुकी है। एसपीजी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल से लेकर एयरपोर्ट तक का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की गहनता के साथ जांच की। पीएम बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे। 

123

एसपीजी ने किया निरीक्षण
शनिवार को एसपीजी के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। सबसे पहले टीम ने बरेका ग्राउंड का दौरा किया, जहां प्रधानमंत्री की विशाल जनसभा प्रस्तावित है। इसके अलावा गेस्ट हाउस, हेलीपैड, एयरपोर्ट और सभा स्थल तक जाने वाले सभी मार्गों का गहन निरीक्षण किया गया। हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट को चिन्हित कर वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं।

123

बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे पीएम 
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर बहुस्तरीय घेरा तैयार किया गया है, जिसमें पुलिस, पीएसी और केंद्रीय बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि रूट पर पड़ने वाले संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।

123

एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था 
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी टीम ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। वहीं, एयरपोर्ट से सभा स्थल तक के पूरे मार्ग को सीसीटीवी निगरानी में रखा गया है और हर चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

123

कार्यक्रम स्थल पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती
सभा स्थल पर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। खास बात यह है कि हाल ही में पासिंग आउट परेड में शामिल हुई महिला आरक्षियों को भी इस दौरान जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जिससे उन्हें बड़े स्तर पर सुरक्षा प्रबंधन का अनुभव मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

123

लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है, जिसे दौरे से पहले लागू कर दिया जाएगा। इसका उद्देश्य यह है कि आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो और सुरक्षा व्यवस्था भी सुचारू रूप से बनी रहे। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जा रही है और वैकल्पिक रास्तों को चिन्हित कर संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

123

बरेका में चल रहीं भव्य तैयारियां
बरेका ग्राउंड में प्रधानमंत्री की सभा को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं। यहां जर्मन हैंगर तकनीक से विशाल पंडाल का निर्माण किया जा रहा है, जिसे केसरिया रंग से सजाया जा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए पंडाल की ऊंचाई अधिक रखी गई है और अंदर एसी, कूलर तथा पंखों की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। इस सभा में करीब 40 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है, जिसके लिए जिले की सभी आठ विधानसभाओं को लक्ष्य दिया गया है।

123

सज-संवर रही काशी
शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर पेंटिंग और सजावट का कार्य चल रहा है। बरियासनपुर स्थित एक महाविद्यालय की छात्राएं बैरिकेडिंग पर महाराष्ट्र की प्रसिद्ध ‘वर्ली’ कला शैली में चित्र बनाकर शहर को आकर्षक रूप दे रही हैं।

123

पीएम 6269.86 करोड़ की 160 परियोजनाओं की देंगे सौगात 
प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान 6269.86 करोड़ रुपये की कुल 160 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1052.89 करोड़ रुपये की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5216.17 करोड़ रुपये की 112 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। प्रमुख योजनाओं में गंगा नदी पर 15 किलोमीटर लंबा नया रेल-सड़क पुल, रामनगर क्षेत्र में पेयजल एवं सीवर नेटवर्क का विस्तार, 500 बेड का मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, 23 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना, काशी हिंदू विश्वविद्यालय में जी+4 छात्रावास और हिंदी संस्थान भवन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा अस्सी, दशाश्वमेध और रविदास घाट के सुंदरीकरण तथा हरहुआ से संदहा तक 15 किलोमीटर फोर लेन सर्विस रोड के निर्माण की योजना भी शामिल है।

123

Share this story