वाराणसी : प्रेक्षकों ने परखी MLC चुनाव की तैयारी, पोलिंग पार्टियों के प्रशिक्षण, मतगणना व्यवस्था की ली जानकारी, निष्पक्ष मतदान कराने के निर्देश
वाराणसी। विधान परिषद खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों को लेकर शनिवार को कमिश्नरी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रेक्षक जीएस प्रियदर्शी और प्रांजल यादव ने निर्वाचन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रेक्षकों ने सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से चुनाव की अब तक की तैयारियों की जानकारी ली। इसमें पोलिंग पार्टियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा मतदान कार्मिकों को केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
इसके साथ ही मतगणना कार्मिकों और माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति, मतगणना की तैयारियों तथा आवश्यक मतदान सामग्री की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली गई। प्रेक्षकों ने मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से संग्रह केंद्र पर समय से जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन की प्रत्येक प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। मतदान से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक में मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग अधिकारी एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, जौनपुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया और मिर्जापुर के जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। अधिकारियों को चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं में समन्वय बनाए रखने और आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।

