वाराणसी : अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर नर्सों का हुआ सम्मान, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सेवा भाव को सराहा
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मंगलवार को मंडलीय चिकित्सालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अस्पताल में कार्यरत दर्जनों नर्सों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने नर्सिंग स्टाफ को अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों की देखभाल में नर्सों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि नर्सें केवल दवा देने का कार्य नहीं करतीं, बल्कि अपने स्नेह, सेवा भावना और समर्पण से मरीजों को मानसिक संबल भी प्रदान करती हैं। उन्होंने नर्सों के मातृत्व भाव और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में उनका योगदान बेहद अहम होता है।

विधायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर नर्सिंग स्टाफ का सम्मान करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी नर्सों को समाज और चिकित्सा क्षेत्र की रीढ़ बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मंडलीय चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह डब्बू, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपालजी गुप्ता, पार्षद संजय केशरी, इंद्रेश सिंह सहित बड़ी संख्या में चिकित्सीय स्टाफ और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


