वाराणसी :  रेन वाटर हार्वेस्टिंग न करने पर सख्ती, 250 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में गिरते भूजल स्तर और बढ़ते जल संकट को देखते हुए जलकल विभाग ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। विभाग ने ऐसे करीब 250 बड़े प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर नोटिस जारी किया है, जहां अब तक वर्षा जल संचयन की व्यवस्था नहीं की गई है।

वाराणसी में औसत भूजल स्तर घटकर करीब 3.66 मीटर तक पहुंच गया है। लगातार बढ़ती गर्मी और जल दोहन के कारण स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने वर्षा जल संचयन को अनिवार्य बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।

जलकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों को नोटिस दिया गया है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय में व्यवस्था नहीं की गई, तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के मुताबिक, शहर में जल दोहन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में जल संकट और गहरा सकता है। ऐसे में वर्षा जल संचयन ही इसका प्रभावी समाधान माना जा रहा है। इसी उद्देश्य से जलकल विभाग लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक भी कर रहा है।

नोटिस पाने वाले प्रतिष्ठानों में होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, इंडस्ट्री समेत अन्य बड़े व्यावसायिक संस्थान शामिल हैं, जहां पानी की खपत अधिक होती है। अधिकारियों का कहना है कि इन स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग लागू होने से भूजल स्तर में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

Share this story