वाराणसी : काम में लापरवाही पर पंचायत सहायकों को नोटिस, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चिरईगांव ब्लाक के ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों द्वारा निर्धारित कार्यों के निष्पादन में लापरवाही किए जाने पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों की ओर से पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस के माध्यम से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से कई पंचायत सहायकों द्वारा ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के साथ-साथ सौंपे गए कार्यों का नियमित रूप से निष्पादन नहीं किया जा रहा था। इसमें फसल सर्वेक्षण, सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) का संचालन, स्वयं सहायता समूहों से संबंधित कार्य तथा ग्राम पंचायत स्तर पर दिए गए अन्य दायित्व शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार पंचायत सहायकों की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों में विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं से जुड़े कार्यों में सहयोग करना है। ऐसे में निर्धारित कार्यों का समय से निष्पादन नहीं होने से ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी असर पड़ सकता है।

सहायक विकास अधिकारी पंचायत अशोक चौबे ने बताया कि पंचायत सहायकों द्वारा कार्यों का निष्पादन नहीं किए जाने की जानकारी मिलने पर सभी संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और संबंधित सहायकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए थे। निर्देश के क्रम में ग्राम पंचायत सचिवों ने पंचायत सहायकों को नोटिस जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद संबंधित मामलों की समीक्षा कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story