वाराणसी उत्तरी विधानसभा को 5.85 करोड़ की सौगात, होंगे 17 निर्माण एवं मरम्मत कार्य
वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने गुरुवार को उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 5 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत वाली 17 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सर्किट हाउस परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भूमि पूजन कर सड़क निर्माण, नवीनीकरण एवं विशेष मरम्मत से जुड़े कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के सारनाथ, पहड़िया, अकथा और रमरेपुर वार्डों में कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें ब्रह्मकुमारी मंदिर से चक्रमा नव विहार तक मार्ग की विशेष मरम्मत, पंचकोशी मार्ग से जुड़े संपर्क मार्गों का नवीनीकरण, अनमोल नगर और नवापुरा क्षेत्र में सड़क निर्माण, परशुरामपुर संपर्क मार्ग का निर्माण, सिंहपुर और बुद्धा सिटी क्षेत्र में सड़क विकास समेत कई परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, यातायात व्यवस्था सुगम होगी और स्थानीय विकास को नई गति प्राप्त होगी। साथ ही क्षेत्र के लोगों को वर्षों से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। रविन्द्र जायसवाल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जनता को समय पर उनका लाभ मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान राकेश सिंह अलगू, अरविंद सिंह, अतुल सिंह, रोहित मिश्रा, अशोक मौर्य, राजकुमार आहूजा, जितेंद्र लालवानी, मनोज सोनकर, विवेक पांडेय, दिलीप चौहान, रतन मौर्य, कमलेश सोनकर और कवीन्द्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी परियोजनाओं की प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया।

