वाराणसी : इलाज के नाम पर मनमानी वसूली करने वाले अस्पतालों की खैर नहीं, होगी कार्रवाई, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया अभियान 

WhatsApp Channel Join Now

निजी अस्पतालों में इलाज की दरों का बोर्ड लगाना अनिवार्य, आयुष्मान मरीजों से वसूली पर अस्पताल का पंजीकरण होगा निरस्त, झोलाछाप और अवैध पैथोलॉजी भी रडार पर

आयुष्मान योजना में 14-15 अस्पतालों पर करोड़ों की हेराफेरी के आरोप, तीन अस्पतालों की रिपोर्ट तैयार; सरकारी डॉक्टरों की डिग्री का दुरुपयोग करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मरीजों का आर्थिक शोषण करने वाले निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, झोलाछाप चिकित्सकों, मानकों का उल्लंघन करने वाले नर्सिंग होम और मरीजों से मनमानी वसूली करने वाले संस्थानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि गड़बड़ी मिलने पर अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करने के साथ ही संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी निजी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि वे अपने यहां इलाज की सभी प्रमुख सेवाओं और प्रक्रियाओं की दरों का बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। मरीजों को इलाज शुरू कराने से पहले खर्च की जानकारी मिल सके, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जा रही है। निर्धारित दरों से अधिक वसूली या इलाज के नाम पर मरीजों का शोषण करने की शिकायत मिलने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई होगी। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से किसी भी तरह की अवैध धन उगाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा पाए जाने पर अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करने और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी डॉक्टरों की डिग्री का दुरुपयोग करने वालों पर भी शिकंजा
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दायरे में वे निजी अस्पताल भी होंगे, जो सरकारी चिकित्सकों की डिग्री या नाम का इस्तेमाल कर अपना संस्थान संचालित कर रहे हैं। ऐसे चिकित्सकों और अस्पताल संचालकों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। सरकारी डॉक्टरों को भी चेतावनी दी गई है कि मरीजों के साथ अभद्र व्यवहार या निजी अस्पतालों में अनियमित तरीके से अपनी डिग्री का इस्तेमाल कराने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।


आयुष्मान योजना में करोड़ों की गड़बड़ी का मामला
जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत करीब 14 से 15 अस्पतालों में करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी का मामला भी सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। पूर्वांचल स्तर पर पहचान रखने वाले बड़े अस्पतालों पर भी विभाग की नजर है। सीएमओ ने बताया कि तीन अस्पतालों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इसे अगली बैठक में जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

नवीनीकरण नहीं कराने वाले अस्पताल भी अवैध की श्रेणी में
सीएमओ ने बताया कि अस्पतालों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन करने पर एक सप्ताह के भीतर प्रमाणपत्र जारी किया जा रहा है। उनके कार्यभार संभालने के बाद करीब 90 प्रतिशत लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है। जिन अस्पतालों ने पंजीकरण का नवीनीकरण नहीं कराया है, वे भी अवैध संचालन की श्रेणी में आएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में केवल 24 ब्लड बैंक पंजीकृत हैं। इनके अलावा कहीं भी ब्लड बैंक संचालित होता पाया गया तो उसे अवैध माना जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।

स्वस्थ काशी ऐप से पंजीकृत अस्पताल और चिकित्सकों की मिलेगी जानकारी 
स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता लाने के लिए विभाग की ओर से स्वस्थ काशी ऐप शुरू करने की तैयारी है। इस ऐप पर पंजीकृत अस्पतालों, ब्लड बैंकों और चिकित्सकों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। मरीज अस्पताल में भर्ती होने से पहले यह जांच सकेंगे कि संबंधित अस्पताल और वहां इलाज करने वाले चिकित्सक पंजीकृत हैं या नहीं।

सीएमओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मरीजों का शोषण रोकना, स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और आमजन का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा मजबूत करना है। लोगों को बेहतर और सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने के लिए अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

BK Pathak
BK Pathak

21949 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story