वाराणसी : गर्दन पर चाकू रखकर भतीजी से दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो साल तक किया शोषण, आरोपी गिरफ्तार 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी ही भतीजी की गर्दन पर चाकू रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए करीब दो साल तक उसका शोषण करता रहा।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता गर्भवती हो गई और परिजनों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी फर्नीचर का काम करता है और अक्सर उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने एक दिन रास्ते में रोककर चाकू के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी, जिसके डर से पीड़िता लंबे समय तक कुछ नहीं बता सकी।

बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने पिता के साथ रहती थी। आरोपी की धमकियों के कारण वह लगातार मानसिक दबाव में रही। जब गर्भावस्था की बात सामने आई, तब जाकर पूरा मामला उजागर हुआ।

थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story