वाराणसी : गंगा स्नान के दौरान डूबा युवक, पांच घंटे की तलाश के बाद एनडीआरएफ ने बरामद किया शव
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी 21 वर्षीय युवक की गंगा स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह चिरईगांव क्षेत्र के बभनपुरा गांव के सामने गंगा नदी में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब पांच घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
चांदपुर निवासी विशाल, पुत्र बंशूराम, गुरुवार सुबह अपने दो दोस्तों भोलू (16) और नीरज (18) के साथ बभनपुरा रिंग रोड पुल के पास गंगा स्नान करने गया था। तीनों नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान विशाल गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। विशाल को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। एनडीआरएफ के जवानों ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विशाल का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिरईगांव लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि विशाल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था और बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रहा था। उसके पिता बंशूराम ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग गंगा में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।

