वाराणसी : पौराणिक कुंडों का होगा संरक्षण, पिशाचमोचन में बनेगा ओपन जिम
वाराणसी। शहर के पौराणिक जलस्रोतों, तालाबों और कुंडों के संरक्षण एवं सुंदरीकरण को लेकर नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाचमोचन कुंड, पितरकुंडा तालाब और राम कुंड तालाब का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कुंडों में चल रहे निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पिशाचमोचन कुंड की सुरक्षा और आमजन की सुविधाओं को लेकर विशेष निर्देश दिए। कुंड परिसर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया, ताकि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। इसके अलावा लोगों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां ओपन जिम स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इससे स्थानीय लोगों और कुंड पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नगर आयुक्त ने राम कुंड तालाब परिसर का निरीक्षण करते हुए पूर्व में क्षतिग्रस्त हुई दीवार के स्थान पर मजबूत आरसीसी दीवार का निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में लगी रेलिंग की मरम्मत और पेंटिंग का कार्य भी कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समय में कार्य पूरा कराने को कहा।
वहीं, पितरकुंडा तालाब के सुंदरीकरण के लिए भव्य प्रवेश द्वार (गेट) बनाने, रेलिंग लगाने और पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने पूरे परिसर में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने को कहा, ताकि जलस्रोत का स्वरूप बेहतर होने के साथ उसकी स्वच्छता भी बनी रहे। नगर निगम का उद्देश्य शहर के ऐतिहासिक एवं पौराणिक जलस्रोतों का अस्तित्व सुरक्षित रखते हुए उन्हें बेहतर स्वरूप प्रदान करना है। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सिंधु सोनकर सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

