वाराणसी :अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम का विरोध, जमीन की पैमाइश और निष्पक्ष कार्रवाई की उठाई मांग 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवां स्थित सरायनंदन दशमी रामलीला मैदान में गुरुवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाया। हालांकि कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए नगर निगम पर चयनात्मक कार्रवाई का आरोप लगाया।

123

स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि रामलीला मैदान और उससे जुड़ी भूमि पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है तो सबसे पहले मैदान के बाहर वर्षों से किए गए अन्य अतिक्रमणों को हटाया जाए। उनका कहना था कि यदि सभी पर समान कार्रवाई की जाती है तो वे स्वयं अपना अस्थायी अतिक्रमण हटा लेंगे। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रवर्तन दल को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी।

123

इस बीच प्रभावित परिवारों ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि नगर निगम के राजस्व विभाग से उन्हें जो नोटिस मिला है, उसमें आराजी संख्या 410, मौजा सरायनंदन को शासकीय भूमि बताया गया है। परिवारों का आरोप है कि मौजा संख्या 410 का क्षेत्र काफी बड़ा है, जहां कई प्रकार के अन्य निर्माण भी मौजूद हैं, लेकिन कार्रवाई केवल उनके टिन शेड और अस्थायी निर्माणों पर की जा रही है।

123

प्रभावित लोगों ने मांग की कि यदि भूमि वास्तव में सरकारी है तो पूरे मौजा क्षेत्र की पैमाइश कराई जाए और सभी अवैध कब्जों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के समान रूप से कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसी एक वर्ग या परिवार को निशाना बनाए जाने की भावना न उत्पन्न हो।

123

कार्रवाई के दौरान मौजूद नगर निगम की टीम से जब मीडिया ने इस संबंध में पक्ष जानना चाहा तो टीम के सदस्यों ने नगर आयुक्त का हवाला देते हुए कोई भी आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया। प्रभावित परिवारों ने स्पष्ट किया कि वे कानून और प्रशासनिक व्यवस्था का सम्मान करते हैं तथा यदि भूमि सरकारी पाई जाती है तो नियमों का पालन करेंगे। हालांकि उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, भूमि की विधिवत पैमाइश कराने तथा सभी अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध समान और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

123

नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब स्थानीय लोगों की नजर जिला प्रशासन और नगर निगम के अगले कदम पर टिकी हुई है कि क्या पूरे मौजा क्षेत्र की जांच कर सभी अवैध कब्जों के विरुद्ध समान कार्रवाई की जाएगी या नहीं।

123

Share this story