वाराणसी में निजी पार्किंग संचालकों से जानकारी लेकर डेटाबेस तैयार करेगा नगर निगम, यातायात सुधार की पहल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत निजी पार्किंग संचालकों से जानकारी एकत्र कर एक विस्तृत डेटाबेस तैयार किया जाएगा, जिससे शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

नगर निगम के इस अभियान में स्मार्ट सिटी, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित विभागों का भी सहयोग लिया जाएगा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पार्किंग स्थलों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए संचालकों से उनके पास उपलब्ध पार्किंग क्षमता, स्थान, संचालन के तरीके और अन्य जरूरी विवरण मांगे गए हैं।

शहर में पार्किंग स्थलों की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन क्षेत्रों में पार्किंग की कमी है और वहां नए स्थलों को चिन्हित करने की जरूरत है। नगर निगम का मानना है कि इस पहल से पार्किंग की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।

इसके अलावा, प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगने वाले जाम को कम करने के लिए ‘पिक एंड ड्रॉप’ व्यवस्था लागू करने की योजना भी बनाई जा रही है। इस व्यवस्था के तहत चालक केवल सवारियों को उतारकर तुरंत आगे बढ़ेंगे, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव ने बताया कि सभी निजी पार्किंग संचालकों से जानकारी मांगी जा रही है। जल्द ही इस डाटा के आधार पर बैठक कर नई रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि शहरवासियों को पार्किंग से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सके।

Share this story