वाराणसी : सुबह दो घंटे वार्डों में घूमेंगे नगर निगम के नोडल अधिकारी, सफाई कर्मियों की उपस्थिति की होगी जांच

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था की निगरानी और सख्त कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया है। अब ये अधिकारी प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक आवंटित वार्डों में पहुंचकर सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सफाई कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति की जांच करनी होगी। साथ ही मौके की अद्यतन जियोटैग फोटो अधिकारियों के आधिकारिक ग्रुप में भेजना अनिवार्य किया गया है। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी के साथ कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति और मौके पर किए जा रहे कार्यों का भी सत्यापन किया जाएगा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शहर की सड़कों, गलियों, मुख्य मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा नाला-नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए। किसी भी स्थान पर कूड़ा, सिल्ट अथवा गंदगी का ढेर मिलने पर उसे तत्काल हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।

डस्टबिन के ओवरफ्लो होने की स्थिति रोकने के लिए उनके भरने से पहले ही कूड़ा उठाने और उसका परिवहन सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं नालियों से निकाली गई सिल्ट को सड़क किनारे छोड़ने के बजाय तत्काल निर्धारित स्थान पर भेजने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को अपने वार्डों में कूड़ा संवेदनशील स्थलों और हॉटस्पॉट को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है, ताकि पूरे दिन सफाई व्यवस्था बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी केवल सफाई व्यवस्था ही नहीं, बल्कि स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय और कूड़ा उठान जैसी अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लेंगे। किसी कमी की जानकारी संबंधित विभाग को देकर उसके निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। इसके अलावा सफाई से जुड़ी जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के साथ उनका स्थलीय सत्यापन भी किया जाएगा। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, कर्मचारियों की अनुपस्थिति अथवा किसी स्थान पर बार-बार गंदगी पाए जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के इस कदम से वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।

Share this story