वाराणसी : मानसून से पहले नगर निगम सख्त, नाला सफाई में लापरवाही पर ठेकेदार पर 50 हजार जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मानसून के आगमन से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नालों की सफाई और जलभराव की संभावित समस्याओं को रोकने के उद्देश्य से महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में नाला सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

123

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ट्रॉमा सेंटर से सनबीन स्कूल तक चल रहे नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। सफाई कार्य में अनियमितता और मानकों की अनदेखी मिलने पर नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का आर्थिक दंड अधिरोपित किया। साथ ही निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से नाले की सफाई का कार्य पूरा किया जाए।

रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त ने जगतगंज वार्ड के मरी माई मंदिर पुलिया, रनिया महल और चौकाघाट क्षेत्र तक चल रहे नाला सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर सफाई कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

123

इसके बाद नगर आयुक्त ने भगवानपुर, गोवर्धन, सुसुवाही और करौंदी क्षेत्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भगवानपुर वार्ड में सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, जिससे आवागमन और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित जोनल अधिकारी को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जहां कार्य संतोषजनक पाया गया, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की गई। वहीं जिन स्थानों पर लापरवाही या अनियमितता सामने आई, वहां कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बरसात के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को हर हाल में रोकना प्राथमिकता है।

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि मानसून को देखते हुए नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story