वाराणसी : अवैध डेयरी पर नगर निगम ने की कार्रवाई, 35 हजार रुपये जुर्माना लगाया
वाराणसी। नगर क्षेत्र में अवैध डेयरी संचालन और उससे फैलने वाली गंदगी पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सुंदरपुर क्षेत्र की पाल गली में अवैध रूप से संचालित डेयरी के खिलाफ नगर निगम की टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। अवैध डेयरी पर 35 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
नगर निगम को शिकायत मिली थी कि पाल गली, सुंदरपुर में अवैध रूप से डेयरी चलाई जा रही है, जहां गाय-भैंस जैसे पशुओं को रखकर आसपास के क्षेत्र में भारी गंदगी फैलाई जा रही है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र एवं पशु कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान अवैध डेयरी संचालन की पुष्टि होने पर संबंधित संचालक से 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही डेयरी संचालक को कड़ी चेतावनी दी गई कि वह तत्काल अवैध डेयरी का संचालन बंद करे, अन्यथा भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की सीमा में कहीं भी अवैध डेयरी संचालन, पशुओं को सार्वजनिक स्थलों पर रखना अथवा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। निगम प्रशासन ने कहा कि यदि शहर में कहीं भी अवैध डेयरी संचालन या गंदगी फैलाने की जानकारी मिले, तो नागरिक नगर निगम के टोल फ्री नंबर 1533 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं, ताकि समय रहते संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

