वाराणसी : नालों पर कब्जा करने वालों पर नगर निगम सख्त, दुकानदारों पर 10 हजार जुर्माना, रथयात्रा पर हटा अतिक्रमण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में जलभराव और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने नालों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर नालों के ऊपर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र और सहायक नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने नालों के ऊपर किए गए पक्के निर्माण और अवैध ढांचे हटवाए। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि नालों पर कब्जे के कारण नियमित सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका बनी रहती है।

123

बताया गया कि 12 मई को नगर आयुक्त ने स्वयं रथयात्रा क्षेत्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों को पाटकर दुकानों का विस्तार किए जाने की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने ऐसे दुकानदारों को चिन्हित किया जिन्होंने नालों पर अतिक्रमण कर रखा था। अधिकारियों ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भारी जुर्माना वसूला जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने अतिक्रमण के खिलाफ जोनल स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया है। नगर निगम का कहना है कि शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह अभियान चलाकर नालों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

Share this story