वाराणसी : नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, चौकाघाट में 30 करोड़ की सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। कंदवा क्षेत्र में कार्रवाई के बाद अब नगर निगम ने चौकाघाट स्थित राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के समीप मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12 बिस्वा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। बाजार दर के अनुसार इस भूमि की कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

123

चौकाघाट मार्ग पर कुछ लोगों ने बंजर सरकारी जमीन पर टीन शेड और अस्थायी दीवार खड़ी कर अवैध कब्जा कर रखा था। यहां वाहनों की पार्किंग के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही थीं। मामले की शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भूमि की जांच कराई। जांच में संबंधित भूमि के सरकारी एवं बंजर होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त के आदेश पर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव और नायब तहसीलदार शेषनाथ के नेतृत्व में प्रवर्तन दल तथा अतिक्रमण दस्ता मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के लिए दो जेसीबी मशीनों को लगाया गया। अभियान शुरू होते ही कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल और नगर निगम की टीम की मुस्तैदी के चलते विरोध अधिक देर तक नहीं चल सका।

123

करीब छह घंटे तक चले अभियान में टीन शेड, अस्थायी निर्माण और अन्य कब्जों को ध्वस्त कर पूरी जमीन को नगर निगम ने अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार राजकीय आयुर्वेद कॉलेज के पास मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण यह जमीन बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजस्व विभाग के अनुमान के मुताबिक यहां जमीन की कीमत करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये प्रति बिस्वा है। ऐसे में 12 बिस्वा जमीन को कब्जामुक्त कराकर नगर निगम ने करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति को सुरक्षित किया है।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि भू-माफियाओं और अवैध कब्जेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सरकारी संपत्तियों को सुरक्षित कराया जाएगा।

Share this story