वाराणसी : नगर निगम में नियुक्त हुए 17 तकनीकी सहायक, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
वाराणसी। नगर निगम ने शहर की विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से 17 तकनीकी सहायकों (जेई) की आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्ति की है। शुक्रवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी नवनियुक्त तकनीकी सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

नगर निगम के सामान्य अभियंत्रण विभाग में इन तकनीकी सहायकों के शामिल होने से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास परियोजनाओं को गति देने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सभी चयनित कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर के निरंतर विस्तार और बढ़ती आबादी को देखते हुए तकनीकी रूप से दक्ष कर्मचारियों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि युवाओं की नई टीम के जुड़ने से विकास कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन पहले से अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।
महापौर ने नवनियुक्त तकनीकी सहायकों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्डों में सड़क, नाली, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में इन तकनीकी सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के लिए नई नियुक्तियों का बेहतर उपयोग किया जाए।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी उम्मीद जताई कि तकनीकी सहायकों की नियुक्ति से नगर निगम की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और शहर की अधोसंरचना संबंधी योजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। कार्यक्रम में उपसभापति नरसिंह दास, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आरके सिंह तथा सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव सहित अभियंत्रण विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

