वाराणसी नगर निगम का बड़ा फैसला : नवरात्रि और ईद पर मांस-मछली की दुकानें रहेंगी बंद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर वाराणसी नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। नगर निगम क्षेत्र में नवरात्रि के दौरान मांस, मीट और मछली की सभी दुकानें बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। खास बात यह है कि ईद के दिन भी इन दुकानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

महापौर की बैठक में लिया गया अहम फैसला
यह निर्णय महापौर की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया, जिसमें नगर निगम के अधिकारियों को सख्ती से निर्देशों का पालन कराने के आदेश दिए गए। बैठक में त्योहारों के दौरान शहर में व्यवस्था बनाए रखने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने पर विशेष जोर दिया गया।

उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी कहा है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पशु चिकित्सा अधिकारी को सौंपी गई जिम्मेदारी
इन निर्देशों के अनुपालन की जिम्मेदारी पशु चिकित्सा अधिकारी को दी गई है। उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी मांस, मीट या मछली की बिक्री न हो।

त्योहारों को देखते हुए लिया गया निर्णय
नगर निगम का कहना है कि यह फैसला शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। नवरात्रि और ईद जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

देखें वीडियो 

Share this story