वाराणसी : तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में मारी टक्कर, शादी समारोह से लौट रहे नगर निगम ठेकेदार की मौत
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के चंद्रा चौराहा-बलुआ मार्ग पर लेढूपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में सिगरा थाना क्षेत्र के महादेव नगर कॉलोनी निवासी नगर निगम के ठेकेदार अमित यादव (32 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्कूटी सवार ट्रक के पहिये में फंसकर करीब 30 मीटर तक घसीटता चला गया।
अमित यादव नगर निगम में ठेकेदारी का कार्य करते थे। वह नेवादा स्थित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। लेढ़ूपुर गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वहीं अमित गिर गया और हेलमेट भी निकल गया। अमिल ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। इससे घसीटता हुआ लगभग 30 मीटर दूर तक चला गया।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, हालांकि चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सारनाथ पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

