वाराणसी : नगर आयुक्त ने नाला सफाई कार्य का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साजन तिराहा स्थित बड़े एवं गहरे नाले की चल रही सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर नाले की सफाई कार्य की प्रगति का स्थलीय जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि नाले के ऊपर बने पाथवे और आसपास के क्षेत्र में दुकानदारों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा जगह-जगह अतिक्रमण किया गया है, जिससे सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को जोनल अधिकारी के माध्यम से चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अतिक्रमणकर्ता स्वयं अपने स्तर से अवैध कब्जा तत्काल हटा लें, अन्यथा नगर निगम द्वारा जुर्माना वसूलते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नाला सफाई कार्य को हर हाल में समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि नाले में अत्यधिक मात्रा में सिल्ट जमा होने के कारण उसकी तल्ली झाड़ सफाई अनिवार्य रूप से कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि नाले से निकाले गए सिल्ट की 24 घंटे के भीतर उठान सुनिश्चित की जाए और उसे निर्धारित स्थल पर ही निस्तारित किया जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और यातायात व्यवस्था भी बाधित न हो।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) एवं सहायक अभियंता (सिविल) सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और कार्य प्रगति की जानकारी दी।

Share this story