वाराणसी : नगर आयुक्त ने शिवपुर में किया निरीक्षण, लापरवाही पर स्वास्थ्य निरीक्षक से मांगा स्पष्टीकरण 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार की सुबह शिवपुर क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया, जहां उन्होंने सफाई व्यवस्था और चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान शिवपुर स्थित तालाब की सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराज़गी जताई। वहीं क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश भार्गव से स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही उन्हें तत्काल सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए गए।

123

नगर आयुक्त ने क्षेत्र की कई गलियों में चल रहे इंटरलॉकिंग कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण होने पर वह स्वयं दोबारा निरीक्षण करेंगे और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

123

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों से फीडबैक भी लिया। उन्होंने संबंधित संस्था को निर्देशित किया कि कूड़ा उठान नियमित और समयबद्ध तरीके से हो, और कहीं भी सड़क या मोहल्लों में कूड़ा बिखरा न दिखे। इसके साथ ही नाला सफाई और अन्य नगरीय सेवाओं की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि नगरीय सेवाओं से संबंधित सभी कार्य नियमित रूप से और मानक के अनुरूप किए जाएँ। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य समयसीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाना अनिवार्य है। इस दौरान जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद समेत नगर निगम के विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story