वाराणसी : प्रदर्शन के बाद जागा नगर निगम प्रशासन, सफाईकर्मियों को 1 अप्रैल से ही मिलेगा बढ़ा हुआ वेतन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम ने आउटसोर्सिंग पर तैनात सफाई कर्मियों का वेतन एक अप्रैल 2026 बढ़ाने का निर्णय लिया है। ऐसे में अब आउटसोर्सिंग के सफाई कर्मियों को प्रतिमाह 13,006 रुपये मानदेय मिलेगा। यही नहीं करीब चार हजार सफाई कर्मियों को पिछले दो माह का एरियर (बकाया) भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सफाईकर्मियों ने बुधवार की सुबह लंका स्थित मालवीय चौराहे पर सड़क पर कूड़ा बिखेर कर प्रदर्शन किया था। इसके बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से वेतन वृद्धि की घोषणा की गई। साथ ही सफाईकर्मियों से किसी अफवाह अथवा भ्रामक खबरों पर ध्यान न देने की अपील की। 

दरअसल, वेतन वृद्धि को लेकर पिछले कुछ दिनों से सफाई कर्मियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कुछ संगठनों द्वारा दावा किया जा रहा था कि शासन ने वेतन बढ़ाकर 18,000 से 20,000 रुपये कर दिया है। इस पर विराम लगाते हुए अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने स्पष्ट किया कि वेतन वृद्धि संबंधी शासनादेश इसी माह प्राप्त हुआ है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अगले माह से कर्मियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई धनराशि आएगी। सफाई कर्मी 'अकुशल' श्रेणी में आते हैं। 

शासनादेश के तहत मानदेय 13,006 तय किया गया है। इसमें 765 रुयये महंगाई भत्ता भी शामिल ह़ै। उन्होंने सफाई कर्मियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और न ही भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास करें। मानदेय में वृद्धि के साथ-साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी इन कर्मियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिसके तहत अब सफाई कर्मियों को 'आयुष्मान भारत योजना' व नमस्ते योजना से भी आच्छादित किया जा रहा है ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share this story