वाराणसी : 2.85 करोड़ से होगा मुंडेश्वर महादेव मंदिर का कायाकल्प, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र मुंडेश्वर महादेव मंदिर के व्यापक सृजन एवं सुंदरीकरण कार्य की शुरुआत हो गई है। सोमवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने ग्राम मुड़ादेव स्थित मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। करीब 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस विकास कार्य से मंदिर परिसर को नया स्वरूप मिलेगा और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि मुंडेश्वर महादेव मंदिर का विकास कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है। विधायक ने विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का माध्यम बनेगी।
स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर के सुंदरीकरण कार्य की शुरुआत पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। उनका कहना है कि मंदिर के विकसित होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पटेल, राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव, अजीत पटेल, दिव्यांशु पटेल, आनंद प्रकाश पटेल, उदय प्रताप प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सोनू, महिला मंच की प्रदेश सचिव रीना वर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, युवा मंच जिलाध्यक्ष मानस सिंह, मंडल अध्यक्ष गोपाल सिंह, विधानसभा अध्यक्ष बसंतलाल पटेल, जोन अध्यक्ष आदर्श पटेल, डॉ. प्रेम पटेल, दिनेश पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

