26 फरवरी को वाराणसी जंक्शन पर नहीं रुकेंगी कई महत्वपूर्ण ट्रेनें, 6 घंटे तक वाराणसी-मुगलसराय रेलखंड रहेगा ब्लॉक
वाराणसी। वाराणसी-मुगलसराय (दीनदयाल उपाध्याय) रेलखंड पर 26 फरवरी को छह घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक बनारस और काशी स्टेशनों के मध्य लाइन हट बी-यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते लिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रिमॉडलिंग कार्य के लिए लिया जा रहा ब्लॉक
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बनारस स्टेशन के यार्ड रिमॉडलिंग के तहत तकनीकी कार्य किया जाना है। इसी कारण 26 फरवरी को निर्धारित समय के लिए ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान इस रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।

आरा–मेमू ट्रेन का बदला मार्ग
रेल प्रशासन के अनुसार आरा–मेमू ट्रेन 26 फरवरी को बनारस स्टेशन के बजाय दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से बनकर चलेगी और वापसी में भी वहीं तक संचालित होगी। वहीं बरकाकाना–वाराणसी मेमू 26 फरवरी को दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक ही आएगी और अगले दिन 27 फरवरी को वहीं से बरकाकाना के लिए रवाना होगी।

कई एक्सप्रेस ट्रेनें नहीं रुकेंगी वाराणसी जंक्शन पर
ब्लॉक अवधि के दौरान कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें वाराणसी जंक्शन पर नहीं रुकेंगी। इनमें नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस, कोटा–पटना एक्सप्रेस, उदयपुर–पटना एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, कामाख्या–गांधीधाम एक्सप्रेस, इंदौर–पटना एक्सप्रेस और सिकंदराबाद–दानापुर एक्सप्रेस शामिल हैं।
यात्रियों से समय की जानकारी लेने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। ब्लॉक के कारण समय और ठहराव में परिवर्तन संभव है, जिससे असुविधा से बचने के लिए पहले से तैयारी करना आवश्यक है।

