वाराणसी : सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, भतीजा घायल, दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि भतीजा घायल हो गया। हादसा ढेहरी टोल प्लाजा से करीब 300 मीटर दूर हुआ। दोनों चाचा-भतीजे बाइक से जा रहे थे, तभी दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

हादसे में बाइक सवार मृतक की पहचान तराव गांव निवासी मरूंजय सिंह उर्फ मुन्ना के रूप में हुई। दुर्घटना में उनके भतीजे अंकित सिंह को भी चोट आई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया।

चोलापुर थाना प्रभारी सुधन राम गौतम ने बताया कि हादसे के समय चाचा-भतीजे दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मरूंजय सिंह को नहीं बचाया जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया गया कि मृतक के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा रितेश सिंह सहारनपुर में दरोगा के पद पर तैनात है, जबकि छोटा बेटा विनीत सिंह घर पर रहकर पढ़ाई करता है। हादसे की सूचना मिलते ही रितेश वाराणसी के लिए रवाना हो गया।

Share this story