वाराणसी : तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बड़ागांव-बसनी मार्ग पर शहीद गेट के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

नेवढ़िया थाना क्षेत्र के खेतापुर निवासी 37 वर्षीय राजकुमार अपनी ससुराल नामापुर गांव में रहते थे। बुधवार रात वह अपने पड़ोसी संतोष कुमार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ागांव-बसनी मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संतोष कुमार का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

राजकुमार अपने पीछे पत्नी निशा और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनके दोनों बेटे क्रमशः 10 और 12 वर्ष के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this story