वाराणसी : नई बहुओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने के लिए होंगे सास-बहू सम्मेलन, डीएम ने बीएलओ को दिए निर्देश
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 का डीएम ने लिया जायजा, घर-घर जाकर छूटे मतदाताओं को खोजने की जिम्मेदारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
वाराणसी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। रविवार को विशेष अभियान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति परखी। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करने और पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। खास तौर पर नई शादी-शुदा महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों पर सास-बहू सम्मेलन आयोजित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार के साथ सुधाकर महिला कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय आशापुर प्रथम, आजाद पार्क हैसतल्ले, अवर अभियंता (सिविल) जैतपुरा और मदरसा मजहरूल उलूम स्थित बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 18-19 वर्ष के नए मतदाताओं और महिलाओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही आवेदन पत्रों की दोबारा जांच, सत्यापन और ऑनलाइन अपलोडिंग की स्थिति भी देखी।

डीएम ने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर सास-बहू सम्मेलन आयोजित कराएं, ताकि नवविवाहित महिलाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद स्थान परिवर्तन करने वाली पात्र महिलाओं का नाम भी संबंधित मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ और उपस्थित नागरिकों से संवाद कर अभियान की जमीनी स्थिति जानी। उन्होंने बूथवार मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने तथा गांवों में ग्राम प्रधान और कोटेदार के माध्यम से भी सूची का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। विशेष अभियान दिवस पर प्राप्त सभी आवेदन समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन अपलोड किए जाएं, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम जल्द शामिल हो सके।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और अब तक पंजीकरण से वंचित महिलाओं को विशेष रूप से जागरूक किया जाए। सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजर और बीएलओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सामूहिक जिम्मेदारी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

