वाराणसी : तेज रफ्तार कार ने मां-बेटे को कुचला, मासूम की मौत, महिला घायल, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली इलाके में शुक्रवार रात तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। क्राइस्ट स्कूल के सामने अनियंत्रित टियागो ईवी कार ने पैदल घर लौट रही मां और उसके पांच वर्षीय बेटे को कुचल दिया। हादसे में मासूम वंश शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सरिता शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सुल्तानपुर जिले के गोविंदपुर निवासी विपिन शर्मा अपने परिवार के साथ मड़ौली स्थित वाराणसी इंक्लेव कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। वह मंडुवाडीह-ककरमत्ता फ्लाईओवर के पास एक होटल में चालक का काम करते हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी पत्नी सरिता शर्मा अपने इकलौते बेटे वंश के साथ बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल घर लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही मां-बेटा क्राइस्ट स्कूल के सामने पहुंचे, उसी समय मोड़ैला की ओर से तेज गति में आ रही टियागो ईवी कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ की ओर चढ़ गई और दोनों को जोरदार टक्कर मारते हुए डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां और बेटा सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से दोनों घायलों को पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच वर्षीय वंश शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सरिता शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता विपिन शर्मा बदहवास हो गए। अस्पताल में मासूम का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टियागो ईवी कार जितेंद्र कुमार के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस वाहन स्वामी और फरार चालक की तलाश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
12 दिनों में दूसरी बड़ी घटना
मड़ौली क्षेत्र में बीते 12 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने प्रशासन से इलाके में स्पीड कंट्रोल, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और सड़क किनारे अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

