वाराणसी : फरीदपुर में बनेगा आधुनिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन, वैज्ञानिक तरीके से होगा निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now

नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और मजबूती की जांच के लिए मांगी हर चरण की रिपोर्ट

वाराणसी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ठोस कचरा प्रबंधन को प्रभावी करने के लिए नगर निगम फरीदपुर में आधुनिक साइंटिफिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण करा रहा है। स्टेशन के शुरू होने से शहर से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्कीकरण और पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण संभव हो सकेगा।

रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माणाधीन ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों, बाउंड्रीवॉल और शेड निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कार्यदायी संस्था और विभागीय अभियंताओं को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने की हिदायत दी।

123

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि निर्माण के प्रत्येक चरण की कंप्लीशन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। परियोजना की मजबूती और टिकाऊपन सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रक्चरल इंजीनियर से हर चरण की स्ट्रेंथ रिपोर्ट भी मंगाने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

123

खुले में कचरा डंपिंग से मिलेगी राहत
आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन बनने से आसपास के क्षेत्रों में खुले में कचरा डंप होने की समस्या कम होगी। इससे बदबू और प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। व्यवस्था के तहत घर-घर से एकत्र कचरे को स्टेशन पर लाकर कंपैक्ट किया जाएगा। इसके बाद उसे वैज्ञानिक निस्तारण संयंत्रों तक भेजा जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य इस व्यवस्था के माध्यम से कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित करना और शहर की स्वच्छता को मजबूत करना है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story