वाराणसी : तीन दिन से लापता युवती की हत्या, बंद मकान में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवती का शव एक बंद मकान में मिलने से सनसनी फैल गई। युवती 18 अगस्त को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश करने के साथ पुलिस को भी सूचना दी थी। बुधवार को मालवीय इंटर कॉलेज के पीछे स्थित एक बंद मकान में उसका शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।
राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी सुनील उपाध्याय ने बताया कि उनकी पुत्री श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी।

तीसरे दिन रोहनिया क्षेत्र में मालवीय इंटर कॉलेज के पीछे स्थित एक बंद मकान में युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी मिलते ही रोहनिया पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

डीसीपी नीतू ने बताया कि जिस कमरे में युवती का शव मिला है, उसे विवेक चौबे नामक व्यक्ति ने किराये पर लिया था। विवेक चौबे मृतका का दूर का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। युवती के लापता होने और अब शव बरामद होने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। डीसीपी नीतू ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही हैं।

