वाराणसी : सीसीटीवी की मदद से 'गायब' कार और बाइक मिलीं, जांच में सामने आई दिलचस्प सच्चाई
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को कार और मोटरसाइकिल चोरी की दो अलग-अलग सूचनाओं पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों वाहनों को बरामद कर लिया। हालांकि, जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उन्होंने पूरे मामले को अलग मोड़ दे दिया। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि दोनों वाहन चोरी नहीं हुए थे, बल्कि वाहन स्वामी ही उन्हें खड़ा करने के बाद उनकी सही लोकेशन भूल गए थे।
22 जून को वरुण सिंह ने भेलूपुर थाने में सूचना दी कि उनकी चार पहिया वाहन संख्या यूपी 65 आरटी 5756 अस्सी क्षेत्र से चोरी हो गई है। इसी बीच नंदलाल राय ने भी अपनी मोटरसाइकिल के चोरी होने की शिकायत पुलिस को दी। एक ही दिन में दो वाहन चोरी की सूचना मिलने से पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्सी चौकी प्रभारी नवीन चतुर्वेदी और आरक्षी सूरज कुमार भारती ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस टीम ने वाहनों की संभावित आवाजाही और पार्किंग स्थलों की बारीकी से जांच की। लगातार प्रयास और तकनीकी मदद के आधार पर कार को अस्सी क्षेत्र से तथा मोटरसाइकिल को रविंद्रपुरी इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
वाहन मिलने के बाद पुलिस ने दोनों मामलों की विस्तार से जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किसी भी वाहन की चोरी नहीं हुई थी। दोनों वाहन स्वामी अपने वाहन पार्क करने के बाद उनकी सटीक जगह भूल गए थे। काफी तलाश के बाद वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी थी।

