वाराणसी : नाबालिग छात्रा के साथ छह साल तक दुष्कर्म, शादी के बाद मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति पर नाबालिग अवस्था में दुष्कर्म करने तथा कई वर्षों तक धमकी देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ शुक्रवार की देर रात मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2019 में वह हाईस्कूल की छात्रा थी और क्षेत्र के कछवारोड स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने जाती थी। आरोप है कि 9 सितंबर 2019 की सुबह कोचिंग शुरु होने से पहले गांव निवासी दशरथ कुमार पटेल उसे अपने पैथोलॉजी सेंटर पर ले गया जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी ने बदनामी और परिवार को नुकसान पहुंचाने का भय दिखाकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया। इसके बाद वह लगातार ब्लैकमेल करता रहा और विभिन्न स्थानों पर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता रहा। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि यह सिलसिला वर्ष 2019 से अगस्त 2025 तक चलता रहा।
पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2026 में विवाह के बाद उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। पति के सहयोग और हौसला बढ़ाने पर उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शुक्रवार की देर रात मिर्जामुराद थाने में आरोपी दशरथ कुमार पटेल निवासी चित्रसेनपुर (मिर्जामुराद) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पॉक्सो अधिनियम व दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

