वाराणसी : रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ का क्षत-विक्षत शव, परिजनों में मचा कोहराम  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना कपसेठी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर स्थित रेलवे फाटक के पास की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय गणेश राजभर पुत्र रामनाथ राजभर, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना कपसेठी के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत होने के कारण घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।

बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी सबसे पहले कपसेठी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को मिली, जिन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस, जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, गणेश राजभर पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और घर के बड़े सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी सरोज देवी और तीन पुत्र हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है। लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Share this story