वाराणसी : सात माह से मानदेय न मिलने पर मनरेगा कर्मियों का प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। सात माह से मानदेय न मिलने से नाराज उत्तर प्रदेश मनरेगा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले मनरेगा कर्मचारियों ने शनिवार को आराजी लाइन ब्लॉक परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपनी नाराजगी जताई और समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि ब्लॉक में कार्यरत मनरेगा कर्मियों को वर्तमान वर्ष में सात माह से मानदेय नहीं मिला है। वहीं पिछले तीन वर्षों के दौरान भी 15 से 20 माह का मानदेय और ईपीएफ का भुगतान लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा त्योहारों से पहले वेतन भुगतान के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक उन्हें भुगतान नहीं किया गया है।
ग्राम रोजगार सेवक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। पहले दीपावली और अब होली जैसे बड़े त्योहार भी उन्हें बिना वेतन के ही मनाने पड़ रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में काफी नाराजगी है।
शनिवार को अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी दीपक सिंह, रोजगार सेवक कमलेश कुमार पटेल और तकनीकी सहायक अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में मनरेगा कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर और तकनीकी सहायकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखा।
कर्मचारियों ने बीडीओ को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि लंबित मानदेय और ईपीएफ का भुगतान जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे भी आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान रमेश सिंह, राज नारायण सिंह, दुर्ग विजय सिंह, श्यामजी, राजेंद्र कनौजिया, अजीत वर्मा, राजकुमार, अनिल, राकेश सिंह पटेल, सीमा गुप्ता, अनीता राय, कौशल्या देवी और सुषमा सिंह समेत कई मनरेगा कर्मचारी मौजूद रहे।

