वाराणसी : पीजी की तैयारी कर रही एमबीबीएस डॉक्टर ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना लंका क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवा महिला डॉक्टर द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। रूचिका मौर्या ने कथित रूप से मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद के चलते अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

123

रूचिका मौर्या अपने माता-पिता के साथ थाना लंका के सामने स्थित शिवम कॉम्प्लेक्स में रहती थीं। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों के मुताबिक घटना से पहले रूचिका काफी भावुक थीं और अपनी मां से लिपटकर देर तक रोती रहीं। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

काफी देर तक जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो परिवार वालों को चिंता हुई। परिजनों ने दरवाजा खटखटाया और मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। रूचिका दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थीं, जबकि पास में बेड पर एक स्टूल रखा था।

घटना की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और इंस्पेक्टर लंका पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से विभिन्न साक्ष्य जुटाए।

मृतका के पिता अवनींद्र नाथ मौर्या ने बताया कि उनकी बेटी ने देहरादून से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों पीजी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उन्होंने बताया कि एमडी में दाखिले के लिए होने वाली नीट परीक्षा को लेकर वह लगातार पढ़ाई में जुटी रहती थी और काफी तनाव में भी थी।

पिता के अनुसार सोमवार सुबह तक सब कुछ सामान्य था। वह रोज की तरह कचहरी चले गए थे, लेकिन शाम को लौटने पर बेटी का कमरा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया, जहां रूचिका मृत अवस्था में मिलीं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story