वाराणसी : सड़क पर पानी भरा देख मेयर का पारा हाई! PWD अधिकारियों को लगाई फटकार
वाराणसी। चितईपुर मार्ग पर जलभराव और गहरे गड्ढों की समस्या को लेकर शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने औचक निरीक्षण किया। उनके साथ नगर आयुक्त अक्षत वर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति देखकर महापौर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से चितईपुर मार्ग पर जलभराव और गड्ढों के कारण वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे थे। पानी से भरे गड्ढों का अनुमान नहीं लग पाने के कारण कई दोपहिया और चारपहिया वाहन फंसते और गिरते दिखाई दिए, जिससे राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। इन वीडियो के वायरल होने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे और सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रशासन की जमकर आलोचना की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर और नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्पष्ट कहा कि संबंधित सड़क का निर्माण और रखरखाव PWD के अधीन है, लेकिन विभाग की लापरवाही का खामियाजा नगर निगम की छवि को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को सड़क, जलनिकासी और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर ने PWD के अभियंताओं को निर्देश दिया कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो पूरे मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की संस्तुति की जाएगी। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सड़क की स्थिति में शीघ्र सुधार कर आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जाएगा।

