वाराणसी : हौज कटोरा में बिछेगी नई सीवर लाइन, 46.63 लाख की परियोजना का महापौर ने किया शिलान्यास
वाराणसी। आदि विशेश्वर वार्ड के हौज कटोरा क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने वाली है। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सीवर संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम ने नई सीवर लाइन बिछाने की योजना शुरू कर दी है। मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने 835 मीटर लंबी सीवर लाइन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
नगर निगम के अनुसार इस परियोजना पर कुल 46.63 लाख रुपये की लागत आएगी। नई सीवर लाइन बिछने के बाद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के दौरान होने वाली जलभराव तथा सीवर ओवरफ्लो की समस्या में काफी हद तक सुधार आएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हौज कटोरा में यह परियोजना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना है। सीवर लाइन निर्माण से न केवल स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, इन्द्रेश सिंह, अनन्तराज गुप्ता, श्रवण गुप्ता, अमरेश गुप्ता, संजय केशरी, विजय द्विवेदी, अंकुर मेहरोत्रा, अतुल पाण्डेय, मनीष गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह, सोमनाथ यादव, गोपाल जी गुप्ता, राजकुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

