वाराणसी : महापौर ने पौधा लगाकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का किया शुभारंभ, पहले ही दिन लगे 1.17 लाख पौधे

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ नगर निगम वाराणसी ने रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मडुआडीह स्थित गणेश पोखरा पर पौधरोपण कर की। इस दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पार्षदों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। गणेश पोखरा पर 101 पौधे रोपे गए और पूरे नगर निगम क्षेत्र में पहले ही दिन 1,17,200 पौधे लगाकर निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल कर लिया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में नगर निगम वाराणसी को 1.17 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसे पहले ही दिन पूरा कर लिया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। उन्होंने अंबालिकापुरी कॉलोनी के पार्क में शीशम का पौधा लगाकर अभियान को आगे बढ़ाया।

123

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए पहले से व्यापक तैयारी की गई थी। निर्धारित स्थानों पर समय से गड्ढों की खुदाई कर पौधरोपण की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। सूजाबाद-डोमरी क्षेत्र में 42 हजार पौधों के लक्ष्य के मुकाबले 53,200 गड्ढे तैयार किए गए, जबकि सारंग तालाब, भीटा में 35 हजार पौधों के लिए समान संख्या में गड्ढों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा नगर के विभिन्न पार्कों में 4 हजार पौधे लगाए गए तथा कॉलोनियों, प्रमुख सड़कों और हाईवे के किनारे ट्री-गार्ड के साथ 25 हजार पौधों का रोपण किया गया।

अभियान के दौरान पीपल, बरगद, पाकड़, गूलर, नीम, शीशम, जामुन, महुआ, आम, महोगनी, अर्जुन, चिलबिल, गुलमोहर, जकरंडा, कचनार और अमलतास सहित 101 प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।

इस महाअभियान में नगर निगम के पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। वहीं, नगर निगम के सभी आठ जोनल कार्यालयों पर ‘वृक्षारोपण भंडारा’ आयोजित कर हजारों पौधे आम नागरिकों के बीच निःशुल्क वितरित किए गए। नगर निगम का कहना है कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि यह अभियान शहर को अधिक हराभरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

Share this story