वाराणसी : मेयर ने 1.80 करोड़ की ड्रेन मास्टर मशीन का किया लोकार्पण, हर स्थिति में काम करने में सक्षम है अत्याधुनिक मशीन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम ने मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने 1.80 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई अत्याधुनिक एमीफीबियस ड्रेन मास्टर मशीन का लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद महापौर ने स्वयं मशीन का संचालन कर इसकी कार्यक्षमता का परीक्षण भी किया।

123

यह आधुनिक मशीन अपनी विशेष तकनीक के कारण सूखी जमीन, गहरे कीचड़ और पानी तीनों परिस्थितियों में समान रूप से प्रभावी ढंग से कार्य करने में सक्षम है। प्रतिदिन लगभग 30 टन कचरा निकालने की क्षमता वाली इस मशीन का उपयोग शहर के बड़े नालों, तालाबों और पोखरों की सफाई के साथ-साथ गंगा और वरुणा नदी में जमी सिल्ट को हटाने में किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

123

लोकार्पण के बाद महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान संकट मोचन पुलिया, अस्सी क्षेत्र के नालों, रविदास पार्क के सामने स्थित नाले, अस्सी नाला और अस्सी घाट के पास निर्माणाधीन मल्टी स्टोरेज पार्किंग का जायजा लिया गया।

123

निरीक्षण के दौरान रत्नाकर पार्क में साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर महापौर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान शहरवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी नालों की डिसिल्टिंग का कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। नगर निगम का दावा है कि इस नई तकनीक के इस्तेमाल से सफाई कार्य में तेजी आएगी और शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Share this story