वाराणसी को 15 अगस्त तक मिल सकती है रोपवे की सौगात, जल्द शुरू होगा सिग्नेचर ब्रिज का काम, केंद्रीय सचिव ने अफसरों संग की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव वी. उमाशंकर ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट्स से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने बताया कि 15 अगस्त तक काशीवासियों को रोपवे की सौगात मिल सकती है। वहीं सिग्नेचर ब्रिज का काम भी जल्द शुरू होगा। 

वी. उमाशंकर ने बताया कि काशी में बन रहा रोपवे प्रोजेक्ट देश के सबसे अनूठे परियोजनाओं में से एक है और यह अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में शुरुआत में कुछ तकनीकी और संरचनात्मक चुनौतियां आई थीं, लेकिन अब अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। रोपवे के तीन स्टेशनों का निर्माण लगभग पूर्ण हो गया है।

123

उन्होंने जानकारी दी कि गोदौलिया और गिरजाघर स्टेशन के बीच “रोप पुलिंग” का कार्य 10 मई से शुरू किया जाएगा, जिसे पूरा होने में लगभग 15 से 20 दिन का समय लगेगा। इसके बाद जुलाई माह से टेस्टिंग का काम शुरू होगा और यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो 15 अगस्त तक काशीवासियों को रोपवे की सौगात मिल जाएगी।

सिग्नेचर ब्रिज परियोजना को लेकर उन्होंने बताया कि बाढ़ के पानी के कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही थीं, लेकिन दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की नई तकनीक और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से इन समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिग्नेचर ब्रिज का निर्माण कार्य सितंबर से अक्टूबर के बीच शुरू हो जाएगा।

1223

इसके अलावा, गंगा रिवर रोड को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। साथ ही वरुणा नदी के किनारे सड़क निर्माण की परियोजना भी प्रस्तावित है, जिससे शहर के यातायात और पर्यटन दोनों को लाभ मिलेगा। वी. उमाशंकर ने कहा कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे काशी को आधुनिक और सुविधाजनक शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

Share this story