वाराणसी : अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर विवाहिता का शोषण, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी विवाहिता ने पड़ोसी युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। 

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रितेश पाल ने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया और बाद में जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा।

महिला का पति रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहता है। पीड़िता का आरोप है कि वह बच्चों के साथ गुजरात चली गई। लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने तथा बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा। सामाजिक बदनामी और परिवार की सुरक्षा के डर से वह लंबे समय तक चुप रही।

हाल ही में गांव लौटने के बाद आरोपी की प्रताड़ना बढ़ गई। मानसिक रूप से परेशान महिला ने पूरी घटना अपने पति को बताई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों सिंटू पाल व अन्य के साथ मिलकर पीड़िता के पति को फोन और मैसेज के जरिए धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने आपत्तिजनक संदेश भेजकर वीडियो वायरल करने और रास्ते से हटाने की धमकी दी। साथ ही महिला के माता-पिता को भी फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

पीड़िता ने एसीपी राजातालाब से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी रितेश पाल समेत अन्य के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Share this story