वाराणसी : विवाहिता ने फांसी के फंदे से लटककर दी जान, ससुरालवालों पर प्रताड़ना का आरोप
वाराणसी। चौबेपुर के नारायणपुर गांव निवासी पूजा चौहान (28 वर्ष) ने फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायकेवालों ने ससुरालवालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने पति विकास समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूजा के मामा सुनील चौहान ने आरोप लगाया कि उसकी भांजी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि जौनपुर निवासी पूजा अपने ननिहाल गाजीपुर में रहती थी। पांच साल पहले ननिहाल से ही उसकी शादी चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी ठेकेदार जयश्री चौहान के बेटे विकास चौहान से हुई थी। रक्षाबंधन पर पूजा अपने ननिहाल में मामा के लड़कों को राखी बांधने जाने वाली थी, लेकिन विकास अपनी बुआ के यहां राखी बंधवाने चला गया था और रात में वहीं रुक गया।
इसको लेकर पूजा और विकास के बीच फोन पर नोकझोक भी हुई थी। इसके बाद पूजा अपने कमरे में चली गई। देर रात दोनों पोतों लव और कुश के रोने की आवाज सुनकर सास कमरे में गईं तो पूजा का शव पंखे की कुंडी के सहारे फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच में जुटी है।

