वाराणसी : फर्जी फोटो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख की रंगदारी मांगी, शादी तुड़वाने की धमकी देकर युवती और उसके भाई को किया ब्लैकमेल, पांच पर केस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर फर्जी और छेड़छाड़ की गई तस्वीरें पोस्ट कर एक युवती और उसके भाई को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी तुड़वाने की धमकी देकर आरोपियों ने परिवार से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित की शिकायत पर सिगरा पुलिस ने बुधवार को चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश करने के साथ ही साइबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की जांच कर रही है।

पीड़ित युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अमित सोनकर, रवि भारती, शनि और एक अन्य युवती ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर उसकी बहन की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की और उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। आरोपियों ने युवक की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर अपलोड की।

पीड़ित के मुताबिक, अगले महीने उसके घर में बहन की शादी होनी है। आरोपियों ने इसी का फायदा उठाकर परिवार को धमकाया कि यदि उन्हें पांच लाख रुपये नहीं दिए गए तो छेड़छाड़ की गई तस्वीरें और वीडियो युवती के ससुराल पक्ष को भेज दिए जाएंगे। इससे शादी तुड़वाने की धमकी दी गई। आरोप है कि आरोपियों ने दुष्कर्म का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की भी धमकी दी।

पीड़ित परिवार ने जब इस कथित ब्लैकमेलिंग का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। साइबर सेल की सहायता से इंस्टाग्राम आईडी और सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई सामग्री की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

BK Pathak
BK Pathak

21464 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story