वाराणसी: माथे पर पिस्टल सटाकर भरवाया पेट्रोल, पैसे मांगने पर जान से मारने की दी धमकी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के गड़खड़ा में पेट्रोल पंप पर युवक ने पिस्टल सटाकर तेल भरवाया। पैसे मांगने पर कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। पेट्रोल पंप संचालक ने डीसीपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पूरी घटना पंप पर लगे सेसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
पेट्रोल पंप संचालक विशाल कुमार सोनकर ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि 17 मई की रात करीब 2.30 बजे युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचा। आरोप है कि कर्मचारियों पर पिस्टल तानते हुए गालीगलौज की। कर्मचारियों को धमकाकर पेट्रोल भरवा लिया।
कर्मचारियों ने जब पैसे मांगे तो आरोपी ने माथे पर पिस्टल सटा दी। वहीं कर्मचारियों को जान से मारने और पेट्रोल पंप लूटने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

