वाराणसी : बजरडीहा में युवक की चाकू मारकर हत्या, साथ रहने वाला दोस्त हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित आवास विकास कॉलोनी में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के साथ कमरे में रहने वाले उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि बजरडीहा स्थित आवास विकास कॉलोनी में दीपांशु राय और खुश पांडेय एक ही कमरे में रहते थे। सोमवार देर रात करीब तीन बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि दीपांशु राय कमरे में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही भेलूपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस जब कमरे में पहुंची तो दीपांशु राय खून से लथपथ पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर चाकू से हमले के निशान पाए गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

घटना के समय कमरे में मौजूद मृतक के दोस्त खुश पांडेय को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस दोनों के बीच संबंध, घटना से पहले की गतिविधियों और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

Share this story