वाराणसी: आग लगाकर घर खाली कराया, फिर उठा ले गए गहने और नकदी, बंद मकान से 21 लाख की चोरी
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दो बड़ी घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर टिकरी गांव में चोरों ने आग लगाकर परिवार का ध्यान भटकाया और लाखों रुपये के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया, वहीं दूसरी ओर नासीपुर स्थित विवेक नगर कॉलोनी में बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए करीब 21 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
टिकरी गांव में दूध व्यवसायी बब्बू यादव के घर मंगलवार की देर रात चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पहले घर से कुछ दूरी पर रखे उपलों के ढेर में आग लगा दी। आग की लपटें देखकर परिवार के सदस्य उसे बुझाने के लिए बाहर निकल आए। इसी दौरान चोर घर में घुसे और दो बक्से उठा ले गए। बाद में बक्सों को सुनसान स्थान पर ले जाकर तोड़ा गया और उनमें रखे करीब 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए।
सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर गांव के दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उधर, दूसरी बड़ी चोरी की घटना नासीपुर स्थित विवेक नगर कॉलोनी में सामने आई। यहां जयप्रकाश मेहता का मकान कई दिनों से बंद था। जयप्रकाश मेहता जम्मू-कश्मीर पावर कॉरपोरेशन में कार्यरत हैं और उनकी पत्नी व बच्चे गर्मी की छुट्टियों में बाहर गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान में प्रवेश किया और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद, करीब 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। कुल नुकसान करीब 21 लाख रुपये बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किए जाने की उम्मीद है। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

