वाराणसी : हाईवे पर पिकअप से टकराई बाइक, युवक गंभीर घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर गुरुवार शाम सड़क हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भीखीपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब आगे चल रही एक पिकअप का अचानक टायर फटने के कारण उसकी रफ्तार धीमी हो गई और पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मिर्जामुराद क्षेत्र के गुड़िया गांव निवासी अमर बिंद गुरुवार शाम करीब सात बजे राजातालाब से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भीखीपुर स्थित केआईटी के समीप आगे चल रही पिकअप का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक ने वाहन की गति कम कर दी। पीछे से आ रहे अमर को वाहन की रफ्तार में आए अचानक बदलाव का अंदाजा नहीं लग सका और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर काफी तेज थी। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अमर बिंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल एंबुलेंस के जरिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पिकअप का टायर फटना और उसके बाद वाहन की गति अचानक कम होना बताया जा रहा है।

Share this story