वाराणसी : बारात में विवाद के बाद युवक पत्थर से सिर कूचकर हत्या, ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। बारात में हुए विवाद के बाद बदले की नीयत से की गई इस वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना के बाद एडीएम आलोक वर्मा, एडीसीपी और एसीपी राजातालाब मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाकर ग्रामीणों को शांत कराया।  मृतक की पहचान रोहित राजभर (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जौनपुर के चंदवक क्षेत्र का निवासी था और इन दिनों सारनाथ के कस्तमपुरा में अपने ननिहाल में रह रहा था।

123

घटना बसंतपुर (चकदुल्ला) इलाके की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, रोहित 5 मई को एक बारात में शामिल होने गया था, जहां किसी बात को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि उसी रंजिश में देर रात घर लौटते समय पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने रोहित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उसे बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने पत्थर से उसका सिर और चेहरा कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए और उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

123

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान की, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। शव की हालत देख परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

मृतक के भाई किशन राजभर ने थाने में तहरीर देकर हत्या को सुनियोजित साजिश बताया है। उनका आरोप है कि रोहित को पहले से व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए धमकियां मिल रही थीं, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एडीसीपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। 

Share this story