वाराणसी : ककरमत्ता ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की गई जान
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के ककरमत्ता ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार ककरमत्ता ओवरब्रिज पर मोटरसाइकिल और ट्रक के बीच टक्कर हुई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल संख्या UP 65 CK 8664 सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
ई-चालान में दर्ज वाहन संबंधी विवरण के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान आयुष पाठक (28), पुत्र राजेश पाठक, निवासी सुंदरपुर के रूप में की। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। हादसे में शामिल आइसर ट्रक संख्या UP 09 GF 2954 को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इसके साथ ही ट्रक चालक की भूमिका और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को बीएचयू की मर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। रात के समय ओवरब्रिज पर हुई दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भी घटना की पड़ताल कर रही है।

